Power Bank Safety Tips: आज के समय में पावर बैंक स्मार्टफोन यूजर्स के लिए काफी काम का गैजेट है। सफर के दौरान या लंबे समय तक घर से बाहर रहने पर यह फोन की बैटरी खत्म होने से बचाता है। लेकिन लापरवाही बरतने पर पावर बैंक की लिथियम-आयन बैटरी ओवरहीट होकर आग पकड़ सकती है या खराब हो सकती है।
सस्ता और घटिया पावर बैंक खरीदना
कम कीमत के चक्कर में बिना भरोसे वाले ब्रांड का पावर बैंक खरीदना जोखिम भरा हो सकता है। खराब क्वालिटी की बैटरी और कमजोर सेफ्टी सर्किट में ओवरहीटिंग, शॉर्ट सर्किट और ओवरचार्जिंग का खतरा ज्यादा हो सकता है। इसलिए भरोसेमंद ब्रांड और सही सेफ्टी सर्टिफिकेशन वाला प्रोडक्ट चुनें।
धूप या गर्म जगह पर रखना
पावर बैंक को कार के डैशबोर्ड, खिड़की के पास या किसी ऐसी जगह न छोड़ें जहां सीधे तेज धूप पड़ती हो। ज्यादा तापमान बैटरी पर दबाव बढ़ा सकता है और सुरक्षा जोखिम पैदा कर सकता है।
चार्जिंग के दौरान ज्यादा लोड देना
पावर बैंक को चार्ज करते समय उसी से फोन चार्ज करना, खासकर भारी गेमिंग या हाई-क्वालिटी वीडियो स्ट्रीमिंग के दौरान, गर्मी बढ़ा सकता है। इसके अलावा सूजा हुआ, टूटा या असामान्य रूप से गर्म पावर बैंक इस्तेमाल न करें।
पावर बैंक को हमेशा ठंडी और सूखी जगह पर रखें और उसके साथ मिलने वाले चार्जिंग निर्देशों का पालन करें।