पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने बीजेपी सांसद गोपाल जी ठाकुर पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को मिथिला की पारंपरिक पाग पहनाकर सम्मानित किए जाने को लेकर कड़ी आपत्ति जताई और इसे मिथिला की संस्कृति का अपमान बताया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए पप्पू यादव ने लिखा कि गोपाल जी ठाकुर ने मिथिला की सांस्कृतिक पहचान को कलंकित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि NEET पेपर लीक मामले से जुड़े विवादों के बीच धर्मेंद्र प्रधान का पाग पहनाकर सम्मान करना मिथिला और वहां के छात्रों का अपमान है। इसी दौरान उन्होंने विवादित बयान देते हुए कहा कि "मिथिला के छात्रों, मां जानकी की भूमि का मानमर्दन करने वाला जहां मिले, उसके मुंह पर कालिख पोत दो।"
दरअसल, हाल ही में बीजेपी सांसद गोपाल जी ठाकुर ने धर्मेंद्र प्रधान को मिथिला की पारंपरिक पाग पहनाकर सम्मानित किया था। इसी तस्वीर को साझा करते हुए पप्पू यादव ने अपनी नाराजगी जाहिर की और इसे NEET विवाद से जोड़ते हुए भाजपा पर निशाना साधा।
हालांकि, पप्पू यादव के इस बयान पर अब तक बीजेपी सांसद गोपाल जी ठाकुर या धर्मेंद्र प्रधान की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इससे पहले भी पप्पू यादव छात्रों के मुद्दे को लेकर केंद्र और बिहार सरकार पर लगातार हमलावर रहे हैं। हाल ही में संसद परिसर के बाहर प्रदर्शन के दौरान उन्होंने बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और कथित गोलीबारी की निंदा की थी। उन्होंने छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग करते हुए बिहार सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया था।