पटना: बिहार में शिक्षक भर्ती के चौथे चरण (TRE-4)का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने TRE-4 के तहत 32,388 शिक्षक पदों पर नियुक्ति के लिए अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी है। इसकी जानकारी बुधवार (29 जुलाई) को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने एक्स (X) अकाउंट के जरिए दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भर्ती राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और विकसित बिहार के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।
किस कक्षा में कितने पद?
TRE-4 के तहत कुल 32,388 पदों का वर्गवार विवरण इस प्रकार है:
कक्षा 1 से 5: 3,847 पद
कक्षा 6 से 8: 8,563 पद
कक्षा 9 से 10: 3,877 पद
कक्षा 11 से 12: 16,101 पद
सबसे अधिक 16,101 पद कक्षा 11-12 के लिए जबकि 8,563 पद कक्षा 6-8 के लिए निर्धारित किए गए हैं।
अधियाचना BPSC को भेजे जाने के बाद माना जा रहा है कि अगस्त महीने में TRE-4 भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जा सकता है। लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को सरकार के इस फैसले से राहत मिलने की उम्मीद है।
भर्ती को लेकर सियासत भी तेज
TRE-4 को लेकर राजनीतिक और छात्र संगठनों की प्रतिक्रिया भी सामने आने लगी है। छात्र नेता दिलीप कुमार ने शिक्षा मंत्री से मांग की है कि भर्ती का विज्ञापन एकल परीक्षा प्रणाली के साथ जारी किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो शिक्षा मंत्री को इस्तीफे के लिए तैयार रहना चाहिए।
अभ्यर्थियों में नाराजगी
हालांकि भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की घोषणा के बावजूद कई शिक्षक अभ्यर्थियों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। उनका कहना है कि सरकार की ओर से पहले करीब 46,000 पदों पर भर्ती का संकेत दिया गया था, लेकिन अब केवल 32,388 पदों की अधियाचना भेजी गई है। ऐसे में अभ्यर्थी पदों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
अब सभी की नजरें BPSC की ओर हैं, जहां से जल्द ही TRE-4 भर्ती का विस्तृत नोटिफिकेशन जारी होने की उम्मीद है।