पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर अपने बाइक प्रेम को लेकर सुर्खियों में हैं। 45 साल के धोनी सोमवार को चेन्नई के पास मद्रास इंटरनेशनल सर्किट पहुंचे, जहां उन्होंने सुपरबाइक पर ट्रैक के कई लैप लगाए। उनकी राइड के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
धोनी एक प्रमोशनल इवेंट के सिलसिले में मद्रास इंटरनेशनल सर्किट पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने रेसिंग गियर पहनकर हाई-परफॉर्मेंस बाइक चलाई और ट्रैक पर अपने राइडिंग कंट्रोल से फैंस को प्रभावित किया। राइड पूरी करने के बाद जब वह पिट लेन में लौटे और हेलमेट उतारा, तो वहां मौजूद फैंस और फोटोग्राफर्स ने उनका जोरदार स्वागत किया। धोनी ने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन भी किया।
धोनी का बाइक्स के प्रति प्यार किसी से छिपा नहीं है। क्रिकेट के मैदान से दूर रहने के बावजूद वह अक्सर अपनी बाइक और कारों को लेकर चर्चा में रहते हैं।
इस बीच धोनी के फैंस के बीच IPL 2027 को लेकर भी अटकलें जारी हैं। हालांकि, उनके अगले सीजन में खेलने या CSK में किसी नई भूमिका को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।