The Great Indian Kapil Show में सैफ ने किया मजेदार खुलासा
बॉलीवुड के पॉपुलर कपल सैफ अली खान और करीना कपूर खान जल्द ही पहली बार साथ में कपिल शर्मा के कॉमेडी शो द ग्रेट इंडियन कपिल शो में नजर आएंगे। शो के मेकर्स ने 16 अक्टूबर को एपिसोड का प्रोमो जारी किया, जिसमें सैफ ने करीना की रात में सोने से पहले की एक दिलचस्प आदत का खुलासा किया। उनकी बात सुनकर सेट पर मौजूद लोग हंसने लगे।
घी खाने के साथ पैरों पर भी लगाती हैं करीना
प्रोमो में कपिल शर्मा ने सैफ और करीना से पूछा कि शादी के 14 साल बाद भी दोनों इतने जवान और फ्रेश कैसे दिखते हैं। इस सवाल पर सैफ ने मजाकिया अंदाज में इसका श्रेय घी को दिया। करीना ने भी बताया कि उनके घर में सभी लोग घी खाते हैं।
इसके बाद सैफ ने करीना के सोने से पहले के रूटीन के बारे में बताते हुए कहा कि वह घी सिर्फ खाती ही नहीं, बल्कि रात में अपने पैरों पर भी लगाती हैं। इस पर करीना ने सहमति जताते हुए कहा कि इससे उन्हें काफी फायदा होता है।
बेडरूम में ढाबे जैसी महक पर सैफ ने ली चुटकी
करीना की इस आदत के बारे में बताते हुए सैफ ने मजाक में कहा कि सोचिए, रात में कितना रोमांटिक माहौल होता है, लेकिन उनके बेडरूम से ढाबे जैसी महक आती है। सैफ की यह बात सुनकर वहां मौजूद लोग ठहाके लगाने लगे।
शो का यह प्रोमो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। अब दर्शकों को इंतजार है कि सैफ और करीना की जोड़ी एपिसोड में और कौन-कौन से मजेदार किस्से साझा करती है।