मुंबई में दूध खरीदने वाले लोगों को सितंबर की शुरुआत में महंगाई का बड़ा झटका लगने वाला है। मुंबई मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने दूध के थोक दाम में 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। नई कीमतें 1 सितंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेंगी।
एसोसिएशन के मुताबिक, दूध का मौजूदा थोक भाव 93 रुपये प्रति लीटर है, जो अब बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा। कीमतों में बढ़ोतरी की मुख्य वजह डेयरी पशुओं की बढ़ती कीमत और उनके चारे की लागत में इजाफा बताई गई है।
एसोसिएशन का कहना है कि अनाज, चना चुन्नी और अन्य पशु आहार की कीमतों में करीब 25 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा खली और दूसरे खर्च बढ़ने से दूध उत्पादकों पर लगातार आर्थिक दबाव बढ़ रहा था। इसी को देखते हुए दूध के दाम बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
वहीं, दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल फुल क्रीम दूध करीब 72 रुपये प्रति लीटर और स्थानीय दूध विक्रेताओं के यहां करीब 80 रुपये प्रति लीटर तक मिल रहा है। हालांकि, स्थानीय डेयरी और खुले दूध के दाम इलाके के हिसाब से अलग हो सकते हैं।
यानी मुंबई में सितंबर से दूध की कीमत बढ़ने का सीधा असर आम परिवारों के मासिक बजट पर पड़ सकता है।