2027 ODI World Cup India: 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए अभी करीब एक साल का समय बाकी है, लेकिन भारतीय टीम के संभावित खिलाड़ियों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने वर्ल्ड कप के लिए भारत के टॉप-6 बल्लेबाजों का चयन किया है। खास बात यह है कि उनकी लिस्ट में ऋषभ पंत को जगह नहीं मिली है।
रोहित, गिल और विराट होंगे टॉप ऑर्डर
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि 2023 और 2027 के बीच भारत के टॉप ऑर्डर में ज्यादा बदलाव की जरूरत नहीं दिखती। उन्होंने रोहित शर्मा और शुभमन गिल को ओपनिंग के लिए चुना है, जबकि विराट कोहली को नंबर-3 पर रखा है।
चोपड़ा के मुताबिक, तीनों बल्लेबाजों की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए भारत का टॉप ऑर्डर मजबूत नजर आता है। 2026 में भी रोहित, विराट और गिल वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल हैं।
श्रेयस, राहुल और हार्दिक पर भरोसा
नंबर-4 के लिए चोपड़ा ने श्रेयस अय्यर को चुना है। वहीं नंबर-5 की जिम्मेदारी केएल राहुल को दी है, जो विकेटकीपिंग के लिए भी पहली पसंद हो सकते हैं।
नंबर-6 पर हार्दिक पांड्या को जगह मिली है। हार्दिक फिलहाल चोट के कारण क्रिकेट से दूर हैं, लेकिन चोपड़ा का मानना है कि उनकी ऑलराउंड क्षमता और अनुभव उन्हें वर्ल्ड कप टीम के लिए अहम बनाता है।