जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया। उन्हें प्लेइंग इलेवन में नीतीश कुमार रेड्डी की जगह मौका मिला। इससे पहले भी आकिब भारतीय टीम के करीब पहुंच चुके थे। उन्हें श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में जसप्रीत बुमराह के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया था।
आकिब की सबसे बड़ी खासियत उनकी रफ्तार नहीं, बल्कि एक ही लाइन और लेंथ पर लगातार गेंदबाजी करने की क्षमता है। वह आमतौर पर 125-135 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से गेंदबाजी करते हैं। करीब 6 फीट लंबे होने की वजह से उन्हें पिच से अतिरिक्त उछाल भी मिल सकता है।
इसके अलावा आकिब गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की क्षमता रखते हैं। लगातार सही टप्पे पर गेंद डालने और स्विंग के साथ बल्लेबाजों को परेशान करने की उनकी शैली ने उन्हें घरेलू क्रिकेट में खास पहचान दिलाई है।
रणजी ट्रॉफी 2025-26 में आकिब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 60 विकेट लिए। विजय हजारे ट्रॉफी में भी उन्होंने 7 मैचों में 14 विकेट चटकाए।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 45 मैचों में 170 विकेट और लिस्ट-ए क्रिकेट में 36 मैचों में 56 विकेट उनके प्रदर्शन की कहानी बताते हैं।