Akhilesh Yadav Ayodhya Visit: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज यानी 8 अक्टूबर को अयोध्या दौरे पर हैं। उनके दौरे में राम मंदिर जाने का कार्यक्रम शामिल नहीं है, जिसको लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। इसी मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री और LJP (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान की प्रतिक्रिया सामने आई है।
चिराग पासवान बोले- आस्था व्यक्तिगत विषय
अखिलेश यादव के राम मंदिर नहीं जाने के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि उन्होंने कभी किसी की व्यक्तिगत आस्था पर टिप्पणी नहीं की है। उन्होंने कहा कि किसी को भी दूसरे व्यक्ति की आस्था पर सवाल उठाने का अधिकार नहीं है। चिराग ने खुद को आस्तिक बताते हुए कहा कि अखिलेश यादव राम मंदिर जाएंगे या नहीं, इसका फैसला वही करेंगे।
चिराग के मुताबिक, धार्मिक आस्था पूरी तरह व्यक्तिगत मामला है और इस पर राजनीतिक टिप्पणी नहीं होनी चाहिए।
भागवत कथा में शामिल होंगे अखिलेश
अखिलेश यादव 8 अक्टूबर को अयोध्या में पूर्व विधायक और मंत्री तेज नारायण पांडे उर्फ पवन पांडे के आवास पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होंगे। इस दौरान वह कथा सुनने के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं और कार्यक्रम में मौजूद लोगों से मुलाकात भी करेंगे।
अखिलेश के कार्यक्रम में फिलहाल राम मंदिर दर्शन का जिक्र नहीं है। सपा नेताओं का कहना है कि अखिलेश पहले ही कह चुके हैं कि सैफई में निर्माणाधीन केदारेश्वर महादेव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद वह रामलला के दर्शन करेंगे। दौरे के बाद अखिलेश के शाम तक लखनऊ लौटने का कार्यक्रम बताया गया है।