भारत में कमाई और निवेश के तौर-तरीकों में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। अब लोग केवल नौकरी से मिलने वाली सैलरी पर निर्भर नहीं हैं, बल्कि शेयर बाजार, ट्रेडिंग, फ्रीलांसिंग, बिजनेस और अन्य निवेश के जरिए भी आय अर्जित कर रहे हैं। क्लियरटैक्स की रिपोर्ट के मुताबिक, असेसमेंट ईयर 2026-27 में हर तीन में से करीब एक सेल्फ-फाइलर ने सालाना ग्रॉस इनकम 20 लाख रुपये से अधिक बताई है।
गैर-वेतन स्रोतों से कमाई करने वालों की संख्या बढ़ी
रिपोर्ट के अनुसार, असेसमेंट ईयर 2026-27 में करीब 47.3 फीसदी सेल्फ-फाइलर्स ने निवेश, बिजनेस, फ्रीलांसिंग या क्रिप्टोकरेंसी जैसे गैर-वेतन स्रोतों से कमाई की जानकारी दी। 2022-23 में यह आंकड़ा 9.5 फीसदी था।
वहीं, दो या उससे ज्यादा गैर-वेतन स्रोतों से आय अर्जित करने वाले लोगों की हिस्सेदारी भी 3.5 फीसदी से बढ़कर 24.4 फीसदी हो गई है।
50 लाख से ज्यादा कमाने वालों का हिस्सा भी बढ़ा
क्लियरटैक्स की 'हाउ इंडिया फाइल्ड इन 2026' रिपोर्ट के मुताबिक, 20 लाख रुपये से अधिक सालाना ग्रॉस इनकम बताने वाले सेल्फ-फाइलर्स की हिस्सेदारी असेसमेंट ईयर 2023-24 के 22.5 फीसदी से बढ़कर 2026-27 में 30.5 फीसदी हो गई।
इसी अवधि में 50 लाख रुपये से अधिक कमाने वाले टैक्सपेयर्स का अनुपात भी 4.5 फीसदी से बढ़कर 8 फीसदी पहुंच गया। यानी इस आय वर्ग में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
महिलाओं की आय में भी बढ़ोतरी
रिपोर्ट में महिला टैक्सपेयर्स की कमाई में बढ़ोतरी का रुझान भी सामने आया है। 50 लाख रुपये से अधिक कमाने वाली महिला सेल्फ-फाइलर्स की हिस्सेदारी 2025-26 के 3.7 फीसदी से बढ़कर 2026-27 में 5.1 फीसदी हो गई।
वहीं, 20 लाख रुपये से ज्यादा कमाने वाली महिलाओं की हिस्सेदारी में एक साल के दौरान 23 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि पुरुषों के मामले में यह बढ़ोतरी 12 फीसदी रही। हालांकि, इस आय वर्ग में महिलाओं की हिस्सेदारी 27 फीसदी और पुरुषों की 42 फीसदी है।
मिडिल क्लास में भी निवेश का चलन बढ़ा
यह रुझान केवल उच्च आय वाले लोगों तक सीमित नहीं है। 5 लाख से 10 लाख रुपये सालाना आय वाले टैक्सपेयर्स में भी निवेश और अन्य स्रोतों से कमाई का चलन बढ़ा है। इस आय वर्ग के 49.6 फीसदी लोगों ने असेसमेंट ईयर 2026-27 में जटिल इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल किए, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 36.2 फीसदी था।
रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि देश में कमाई के पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ निवेश, ट्रेडिंग और स्वरोजगार जैसे विकल्पों की भूमिका भी बढ़ रही है। हालांकि, ये आंकड़े सेल्फ-फाइलर्स की ओर से दी गई आय संबंधी जानकारी पर आधारित हैं।