WhatsApp पर फोटो एडिटिंग का तरीका जल्द बदल सकता है। कंपनी iPhone यूजर्स के लिए एक नया AI-पावर्ड Image Expansion फीचर टेस्ट कर रही है। इसकी मदद से यूजर्स बिना किसी दूसरी फोटो एडिटिंग ऐप का इस्तेमाल किए अपनी तस्वीर का फ्रेम बड़ा कर सकेंगे। Meta AI की मदद से फोटो के किनारों पर नया विजुअल कंटेंट जोड़ा जाएगा, जिससे लैंडस्केप और स्क्वायर तस्वीरों को 9:16 के वर्टिकल फॉर्मेट में बदला जा सकेगा।
यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी होगा, जो अपनी तस्वीरों को WhatsApp Status पर फुल स्क्रीन में शेयर करना चाहते हैं। फिलहाल इसकी टेस्टिंग कुछ iPhone बीटा यूजर्स के साथ की जा रही है।
कैसे काम करेगा WhatsApp का नया AI फीचर?
इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को WhatsApp पर किसी चैट में फोटो शेयर करने के लिए चुननी होगी। इसके बाद तस्वीर ऐप के ड्रॉइंग एडिटर में खुलेगी। यहां एडिटिंग के अन्य विकल्पों के साथ Image Expansion का ऑप्शन भी दिखाई देगा।
इस विकल्प को चुनने पर Meta AI तस्वीर और उसके आसपास के सीन को समझकर किनारों पर नए विजुअल डिटेल्स तैयार करेगा। इससे फोटो का मूल हिस्सा बरकरार रखते हुए उसका फ्रेम बड़ा किया जा सकेगा।
कुछ सेकंड में तैयार होगी 9:16 फोटो
AI की मदद से तस्वीर को 9:16 के वर्टिकल फॉर्मेट में बदला जा सकेगा। पूरी प्रक्रिया में कुछ सेकंड लगने की उम्मीद है। इसके बाद एडिट की गई फोटो यूजर को एडिटर में दिखाई देगी। वह तस्वीर को देखने और संतुष्ट होने के बाद ही उसे शेयर कर सकेंगे।
WhatsApp Status पर मिलेगी ज्यादा सुविधा
अक्सर लैंडस्केप या स्क्वायर फोटो WhatsApp Status पर लगाने पर पूरी स्क्रीन को कवर नहीं कर पाती। नए फीचर से तस्वीर के आसपास का हिस्सा AI तैयार कर सकेगा, जिससे फोटो ज्यादा बेहतर तरीके से वर्टिकल स्क्रीन पर फिट हो पाएगी।
फिलहाल यह फीचर टेस्टिंग के चरण में है और इसे सभी iPhone यूजर्स के लिए कब जारी किया जाएगा, इसकी आधिकारिक तारीख सामने नहीं आई है।