नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' रिलीज के बाद अपने भव्य विजुअल्स और कलाकारों के लुक को लेकर चर्चा में है। फिल्म के VFX की जिम्मेदारी DNEG ने संभाली है, जबकि रिम्पल और हरप्रीत नरूला ने कॉस्ट्यूम डिजाइन किए हैं। वहीं, फिल्म के किरदारों की जूलरी जयपुर के मशहूर ब्रांड ट्राइब अमरपाली ने तैयार की है।
हालांकि, फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद से ही खासतौर पर माता सीता के गहनों को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे थे। कुछ लोगों ने सीता के विवाह वाले दृश्य में दिखाई गई जूलरी के डिजाइन और उस दौर की परंपराओं को लेकर आपत्ति जताई। अब फिल्म के जूलरी डिजाइनर और ट्राइब अमरपाली के CEO तरंग अरोड़ा ने इन सवालों पर अपनी बात रखी है।
'रामायण' के लिए जूलरी तैयार करना बड़ी चुनौती
स्क्रीन को दिए इंटरव्यू में तरंग अरोड़ा ने बताया कि इस प्रोजेक्ट में सबसे बड़ी चुनौती किरदारों की संख्या थी। उनके मुताबिक, पहले उन्होंने जिन फिल्मों के लिए काम किया, उनमें एक या दो मुख्य किरदारों की जूलरी डिजाइन करनी होती थी, लेकिन 'रामायण' में कई महत्वपूर्ण किरदारों के लिए अलग-अलग डिजाइन तैयार करने पड़े।
उन्होंने कहा कि यह काम किसी एक फिल्म के बजाय करीब 10 फिल्मों के बराबर था। हर किरदार की पहचान और महत्व को ध्यान में रखते हुए उसके लुक को अलग बनाना जरूरी था।
सीता, राम और लक्ष्मण के गहने रखे गए सीमित
तरंग अरोड़ा ने बताया कि फिल्म में राम, सीता और लक्ष्मण के वनवास वाले लुक के लिए कम से कम गहनों का इस्तेमाल किया गया है। चूंकि उस समय तीनों राज-पाट से दूर जंगल में रह रहे थे, इसलिए उनके आभूषणों को भी उसी परिस्थिति के अनुरूप रखा गया।
150 कारीगरों ने ढाई साल तक किया काम
डिजाइनर के मुताबिक, फिल्म के दोनों भागों में इस्तेमाल होने वाली जूलरी हाथों से तैयार की गई है। इसके लिए जयपुर से रत्न मंगवाए गए और वहीं उनकी कटिंग कर उन्हें आभूषणों में इस्तेमाल किया गया। इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब ढाई साल तक काम चला और औसतन 150 कारीगर लगातार जूलरी बनाने में जुटे रहे।
तरंग अरोड़ा ने निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट के जरिए भारतीय कारीगरों को अपनी कला और हुनर दिखाने का बड़ा अवसर मिला।
2028 में आएगा 'रामायण' का दूसरा भाग
फिल्म को नितेश तिवारी और श्रीधर राघवन ने मिलकर स्क्रीन के लिए तैयार किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इसका दूसरा भाग साल 2028 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। फिलहाल फिल्म की जूलरी और किरदारों के लुक को लेकर दर्शकों के बीच चर्चा जारी है।