तेलंगाना के भद्राचलम और खम्मम जिले में एक्साइज अधिकारियों ने नशे की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 372.2 किलो गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 1.82 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान ओडिशा के चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।
मामले की शुरुआत एक बाइक की जांच से हुई। अधिकारियों ने बाइक रोकी तो उसमें करीब 9 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ और आगे की जांच के दौरान एक कार की जानकारी मिली। जब कार की तलाशी ली गई तो उसमें करीब 100 किलो गांजा मिला।
इसके बाद अधिकारियों को एक अन्य वाहन के बारे में जानकारी मिली, जो कथित तौर पर गांजे की बड़ी खेप लेकर महाराष्ट्र की ओर जा रहा था। इस गाड़ी की तलाशी में 263.2 किलो गांजा बरामद किया गया।
इस तरह तीन अलग-अलग कार्रवाई में कुल 372.2 किलो गांजा जब्त हुआ। अधिकारियों ने चार आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे महाराष्ट्र में किसे पहुंचाया जाना था। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।