Samastipur News: बिहार के समस्तीपुर में चार साल पुराने हत्या के मामले ने ऐसा मोड़ लिया है, जिसने पुलिस जांच पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस रवि शंकर कुमार की 2022 में हत्या कर शव गायब करने का मामला दर्ज हुआ था, उसके नोएडा में जिंदा मिलने की खबर सामने आई है। युवक को ग्रामीण रोसड़ा थाना लेकर पहुंचे, जहां उसे देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। हालांकि, पुलिस अभी उसकी पहचान और पुराने केस से जुड़े तथ्यों का सत्यापन कर रही है।
ट्रैक्टर पलटने से मौत का लगाया गया था आरोप
मामला रोसड़ा थाना क्षेत्र के लालपुर गांव का है। जुलाई 2022 में रवि शंकर के पिता मदन यादव ने शिकायत देकर आरोप लगाया था कि उनके 20 वर्षीय दिव्यांग और मूक-बधिर बेटे की हत्या कर शव गायब कर दिया गया। शिकायत के मुताबिक, रवि शंकर से जेसीबी, ट्रैक्टर और आम के बगीचे में काम कराया जाता था। आरोप था कि ट्रैक्टर पलटने से उसकी मौत हो गई और बाद में शव गायब कर दिया गया। मामले में ट्रैक्टर चालक छोटू महतो को भी आरोपी बनाया गया था।
3 गिरफ्तार, एक ने किया था सरेंडर
पुलिस ने सहदेव पंडित, मुकेश पंडित और छोटू महतो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि दिनेश पंडित ने अदालत में आत्मसमर्पण किया था। लेकिन 2 अक्टूबर 2026 को नोएडा में लालपुर के आकाश कुमार ने एक फल की दुकान के पास काम कर रहे युवक को देखा और उसकी पहचान रवि शंकर के रूप में की। इसके बाद ग्रामीण उसे रोसड़ा थाना ले आए।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नोएडा में मिला युवक वास्तव में रवि शंकर ही है या नहीं और अगर पहचान की पुष्टि होती है तो 2022 में दर्ज हत्या के मामले की पूरी कहानी क्या थी। ग्रामीणों ने तत्कालीन थानाध्यक्ष, जांच अधिकारी और DSP की भूमिका की भी जांच की मांग की है।