बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल फिलहाल टल गई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार देर रात हुई बैठक के बाद 28 से 30 सितंबर तक होने वाली हड़ताल को स्थगित करने पर सहमति बनी। ऐसे में इन तारीखों पर बैंकों में सामान्य कामकाज जारी रहने की उम्मीद है।
बैठक में सबसे अहम मुद्दा 5-डे बैंकिंग वीक का रहा। यूनियन की मांग पर चर्चा के लिए IBA और UFBU के प्रतिनिधियों वाली एक हाई-लेवल कमेटी गठित करने का फैसला किया गया है। यह कमेटी सभी संबंधित पक्षों से बातचीत कर सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की संभावनाओं पर विचार करेगी।
इसके अलावा परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) और अन्य लंबित मुद्दों पर भी आगे बातचीत जारी रखने पर सहमति बनी है। खासतौर पर स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों से जुड़ी PLI व्यवस्था पर उठे सवालों को लेकर सरकार के साथ चर्चा की जाएगी।
26 अक्टूबर से हो सकती है अनिश्चितकालीन हड़ताल
तीन दिन की हड़ताल टलने के बावजूद बैंक यूनियनों ने आंदोलन खत्म नहीं किया है। UFBU ने संकेत दिया है कि यदि बातचीत से मांगों का ठोस समाधान नहीं निकलता है, तो 26 अक्टूबर 2026 से देशव्यापी अनिश्चितकालीन बैंक हड़ताल का रास्ता अपनाया जा सकता है।
फिलहाल ग्राहकों के लिए राहत की खबर है कि 28 से 30 सितंबर के दौरान प्रस्तावित बैंक हड़ताल नहीं होगी।