अगर आपके दिन की शुरुआत चाय और ब्रेड से होती है, तो ये खबर आपकी जेब से जुड़ी है। पश्चिम बंगाल में ब्रेड की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। पश्चिम बंगाल बेकर्स एसोसिएशन के मुताबिक, करीब 450 ग्राम यानी एक पाउंड ब्रेड अब 32 रुपये की जगह 36 रुपये में मिलेगी। नई कीमतें 17 अगस्त 2026 से लागू हो गई हैं।
बेकर्स एसोसिएशन ने कीमत बढ़ाने के पीछे कच्चे माल की बढ़ती लागत को वजह बताया है। बेकर्स के अनुसार, मैदा, चीनी और पैकेजिंग से जुड़ा खर्च लगातार बढ़ रहा है। बताया गया है कि पिछले महीने मैदे की कीमत में करीब 600 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई, जबकि चीनी की कीमत भी बढ़ी है। इसके अलावा पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों का असर पैकेजिंग और परिवहन लागत पर भी पड़ा है।
इस फैसले का असर राज्य की करीब 3 हजार बेकरी पर पड़ने की बात कही गई है। वहीं, बाजार में पहले से मौजूद कई स्लाइस ब्रेड के दाम भी बढ़ चुके हैं। कुछ ब्रांड्स में एक पाउंड ब्रेड की कीमत करीब 36 से बढ़कर 40 रुपये तक पहुंच गई है।
यानी चाय के साथ रोजाना ब्रेड खाने वालों को अब महीने के बजट में थोड़ा और खर्च जोड़ना होगा।