राजधानी दिल्ली में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। रातभर हुई बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में सड़कें पानी से भर गईं, जिससे लोगों को लंबा ट्रैफिक जाम और धीमी रफ्तार का सामना करना पड़ा। कई प्रमुख मार्गों पर वाहन घंटों तक रेंगते नजर आए।
बारिश के कारण महरौली-बदरपुर रोड सबसे ज्यादा प्रभावित रहा, जहां लंबे समय तक जलभराव की स्थिति बनी रही। इसके अलावा आईटीओ, मथुरा रोड, लोधी रोड, रोहतक रोड, शंकर रोड, दिल्ली-जयपुर हाईवे, मधुबन चौक, पीरागढ़ी और शाहीन बाग जैसे इलाकों में भी ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ। पूर्वी दिल्ली के कई हिस्सों में भी पानी भरने से यातायात सामान्य से काफी धीमा रहा।
जीटी रोड, लोनी रोड, झिलमिल, जीटीवी एन्क्लेव और दिलशाद गार्डन जैसे इलाकों में सड़क पर जमा पानी के कारण वाहनों की रफ्तार थम सी गई। वहीं, संगम विहार, दक्षिण पुरी और मध्य दिल्ली के कई इलाकों में भी जलभराव की समस्या देखने को मिली। सफदरजंग अस्पताल की गैलरी में भी बारिश का पानी भर जाने की खबर सामने आई।
दिल्ली नगर निगम के अनुसार, बारिश के दौरान पेड़ गिरने और जलभराव की कई शिकायतें दर्ज की गई हैं। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने पानी में डूबी सड़कों और ट्रैफिक जाम की तस्वीरें और वीडियो साझा किए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों को घर से निकलने से पहले ट्रैफिक और मौसम की जानकारी लेकर ही सफर करने की सलाह दी जा रही है।