दिल्ली में आज यानी 11 सितंबर से BRICS लीडर्स समिट 2026 की शुरुआत हो रही है। 13 सितंबर तक चलने वाले इस बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने खास एडवाइजरी जारी की है। भारत मंडपम, प्रगति मैदान में होने वाले कार्यक्रम के दौरान VIP और विदेशी प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही के कारण कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, दोपहर 2 बजे से रात 8:30 बजे तक कई इलाकों में ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं। मथुरा रोड, फिरोज शाह रोड, तुगलक रोड, तीस जनवरी मार्ग, शांति पथ, पंचशील मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, अफ्रीका एवेन्यू, सरदार पटेल मार्ग और कर्तव्य पथ समेत कई रास्तों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
VIP मूवमेंट के लिए 22 डायवर्जन पॉइंट निर्धारित किए गए हैं। इनमें पटेल चौक, जनपथ-कनॉट प्लेस, RML हॉस्पिटल राउंडअबाउट, धौला कुआं और मोती बाग फ्लाईओवर समेत कई प्रमुख जंक्शन शामिल हैं।
रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए भी वैकल्पिक रास्ते सुझाए गए हैं। वहीं, एयरपोर्ट जाने वालों के लिए ट्रैफिक पुलिस ने मेट्रो को सबसे बेहतर विकल्प बताया है।
गुड़गांव से एयरपोर्ट जाने के लिए NH-48 और UER-II, जबकि दक्षिण दिल्ली से रिंग रोड, मोती बाग, RTR मार्ग और महिपालपुर वाला रास्ता इस्तेमाल किया जा सकता है।
ऐसे में अगर आपको इन तीन दिनों में दिल्ली में सफर करना है, तो घर से निकलने से पहले अपना रूट जरूर चेक करें और संभव हो तो प्रभावित इलाकों से बचते हुए वैकल्पिक मार्ग अपनाएं।