RPG ग्रुप के चेयरमैन हर्ष गोयनका ने भारत और चीन की औद्योगिक प्राथमिकताओं को लेकर एक सवाल खड़ा किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में चीन के उन क्षेत्रों का जिक्र किया, जिनमें वहां की कंपनियां भविष्य के लिए निवेश और अपनी सप्लाई चेन मजबूत कर रही हैं।
गोयनका के मुताबिक, चीन रेयर-अर्थ मटेरियल, मैग्नेट, बैटरी, इलेक्ट्रिक व्हीकल, रोबोटिक्स, सेमीकंडक्टर और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग जैसे सेक्टरों पर ध्यान दे रहा है। उन्होंने कहा कि चीन में कंपनियां सिर्फ एक उत्पाद तक सीमित रहने के बजाय कच्चे माल से लेकर तकनीक और उत्पादन तक पूरा इकोसिस्टम तैयार करने की दिशा में काम कर रही हैं।
उन्होंने चीन की कंपनी JL Mag का उदाहरण भी दिया, जो हाई-परफॉर्मेंस रेयर-अर्थ मैग्नेट बनाती है। इन मैग्नेट का इस्तेमाल इलेक्ट्रिक वाहनों, ऑटोमोबाइल, विंड पावर, इंडस्ट्रियल मोटर्स और रोबोटिक्स जैसे क्षेत्रों में किया जाता है। गोयनका के अनुसार, कंपनी ह्यूमनॉइड रोबोट से जुड़े कंपोनेंट्स की दिशा में भी आगे बढ़ रही है।
इसके मुकाबले उन्होंने भारत में बोतलबंद पानी, आइसक्रीम, पैकेज्ड फूड और इंस्टेंट डिलीवरी जैसे कंज्यूमर बिजनेस की बढ़ती लोकप्रियता का उल्लेख किया। उनका सवाल है कि भारत आने वाले दशकों में दुनिया की जरूरतों को पूरा करने के लिए किन भविष्य-केंद्रित उद्योगों को विकसित करेगा।
गोयनका की टिप्पणी ने सेमीकंडक्टर, बैटरी, रोबोटिक्स और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में भारत की औद्योगिक रणनीति को लेकर चर्चा शुरू कर दी है।