छत्तीसगढ़ में कथित पेपर लीक के बाद बीएससी एग्रीकल्चर की परीक्षा रद्द कर दी गई है। रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में गुरुवार को होने वाली सेकंड ईयर की एक परीक्षा प्रश्नपत्र लीक होने की शिकायतों के बाद रोक दी गई।
मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रोफेसरों और कर्मचारियों को तलब किया है। संदेह के दायरे में आए लोगों से पूछताछ की जा रही है। विश्वविद्यालय ने मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की है, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विश्वविद्यालय से संबद्ध 33 कॉलेजों में एईएनटी-221 के तहत ‘फसलों और संग्रहीत अनाज में कीट प्रबंधन-1’ की परीक्षा होनी थी। इसे प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए रद्द किया गया है। अब यह परीक्षा सितंबर 2026 के पहले सप्ताह में दोबारा कराई जाएगी।
वहीं, मामले को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल उठाया कि बीजेपी शासित राज्यों में ही पेपर लीक के मामले क्यों सामने आ रहे हैं। उन्होंने मामले में राजनीतिक लोगों की संलिप्तता की जांच की मांग भी की।
फिलहाल जांच समिति की रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद साफ होगा कि प्रश्नपत्र आखिर कहां से लीक हुआ और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।