मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 2 अक्टूबर को मुंबई से आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। CJP का दावा है कि प्रदर्शन में देश के अलग-अलग हिस्सों से करीब 50 हजार लोग शामिल हो सकते हैं। पार्टी ने इसे शांतिपूर्ण आंदोलन बताते हुए आगे देश के दूसरे शहरों तक ले जाने की बात कही है।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि आंदोलन की शुरुआत गांधी जयंती के दिन मुंबई से होगी। संगठन की योजना इसे आगे कई शहरों तक ले जाने और बाद में दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की है।
200 वॉलंटियर्स और मेडिकल कैंप की तैयारी
CJP के मुंबई पदाधिकारियों के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान व्यवस्था संभालने के लिए करीब 200 वॉलंटियर्स तैनात किए गए हैं। प्रदर्शन स्थल पर मेडिकल सहायता और पानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी का भी दावा किया गया है।
हालांकि, प्रदर्शन को लेकर अनुमति का मुद्दा भी सामने आया है। रिपोर्टों के मुताबिक मुंबई पुलिस ने पहले कुछ प्रस्तावित स्थानों पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी, जिसके बाद CJP ने 'जेल भरो आंदोलन' का ऐलान किया।
CJP का कहना है कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं देते। वहीं, चुनाव आयोग ने मतदाता सूची से जुड़े आरोपों पर अपनी प्रक्रियाओं को नियमों के अनुरूप बताया है।