कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुलाकात की। पीएम मोदी ने खिलाड़ियों को उनकी सफलता के लिए बधाई दी और उनके अनुभव भी सुने। इस मुलाकात का वीडियो प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
इस दौरान पीएम मोदी ने स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू से खास बातचीत की। उन्होंने चानू के भावुक होने का जिक्र करते हुए कहा, “ऐसा लग रहा था कि आपके आंसू की हर बूंद से गोल्ड मेडल टपक रहा है।”
मीराबाई चानू ने बताया कि पदक जीतने के बाद वह बेहद भावुक थीं। उन्होंने कहा कि एक खिलाड़ी की जिंदगी में कई मुश्किल दौर आते हैं और पिछले चार साल उनके लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहे। पोडियम पर मेडल के साथ खड़े होकर जब तिरंगा ऊपर जाता है और राष्ट्रगान बजता है, तो भावनाएं रोक पाना मुश्किल होता है।
पीएम मोदी ने बॉक्सर साक्षी से भी बातचीत की। साक्षी ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान कुछ खिलाड़ियों को भारतीय टीम से काफी उम्मीदें थीं और विरोधी टीमों के बीच भी भारत को लेकर दबाव दिखाई दे रहा था।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने कुल 39 पदक अपने नाम किए। इनमें 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।
मुलाकात के अंत में पीएम मोदी ने सभी खिलाड़ियों के साथ मिलकर देशवासियों को संदेश दिया—“जो खेलेगा, वो खिलेगा।” उन्होंने लोगों से भारतीय खिलाड़ियों का हमेशा उत्साह बढ़ाने की अपील की और खिलाड़ियों के साथ मिलकर “भारत माता की जय” का नारा लगाया।