अगर आपकी गाड़ी डीजल से चलती है, तो पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने से जुड़ी एक अहम खबर है। निजी फ्यूल कंपनियों Jio-bp और Nayara Energy ने अपने रिटेल आउटलेट्स पर डीजल खरीदने की मात्रा सीमित कर दी है। हालांकि, यह नियम देश के सभी पेट्रोल पंपों पर लागू नहीं है।
रिपोर्ट के मुताबिक, Jio-bp के आउटलेट्स पर एक ग्राहक को एक दिन में अधिकतम 50 लीटर डीजल देने की सीमा बताई गई है। वहीं Nayara Energy के आउटलेट्स पर यह सीमा 70 से 200 लीटर तक है।
क्यों लगाई गई डीजल खरीदने की लिमिट?
इसका प्रमुख कारण रिटेल और बल्क डीजल की कीमतों में बढ़ता अंतर बताया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बावजूद रिटेल पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कीमतें मई से स्थिर हैं, जबकि बल्क ग्राहकों के लिए कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार के हिसाब से बढ़ी हैं। दोनों के बीच अंतर करीब 40 रुपये प्रति लीटर तक पहुंचने की रिपोर्ट है।
इससे औद्योगिक और बड़े ग्राहक सस्ता डीजल लेने के लिए रिटेल पंपों का रुख कर रहे हैं। नतीजतन कुछ आउटलेट्स पर स्टॉक और सप्लाई नेटवर्क पर दबाव बढ़ा है।
फिलहाल सरकारी कंपनियों IOC, BPCL और HPCL के पंपों पर देशव्यापी ऐसी पाबंदी लागू होने की पुष्टि नहीं है, हालांकि समान प्रतिबंध लगाए जाने की संभावना की रिपोर्ट सामने आई है।