सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी बतौर कंटेस्टेंट नजर आ रही हैं। शो में रीति अपने गेम और बयानों को लेकर लगातार चर्चा में हैं। हालांकि, उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ रहा है। अब उनके पिता और अभिनेता-राजनेता मनोज तिवारी ने बेटी के बिग बॉस गेम को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में पैपराजी ने मनोज तिवारी से पूछा कि रीति के गेम की शो में काफी तारीफ हो रही है। इस पर मनोज तिवारी मुस्कुराते हुए हाथ जोड़कर कहते हैं, “अरे बस-बस, भगवान ठीक से रखे।” इसके बाद जब उनसे पूछा गया कि क्या वह बिग बॉस देखते हैं, तो उन्होंने जवाब दिया, “डर-डर के देखता हूं।”
मनोज तिवारी के इस जवाब के बाद सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग तरह के कयास लगा रहे हैं। कुछ यूजर्स का मानना है कि वह अपनी बेटी के गेम को लेकर चिंतित हैं, हालांकि मनोज तिवारी ने ऐसा कोई सीधा बयान नहीं दिया है।
रीति ने पिता को लेकर क्या कहा था?
बिग बॉस के एक एपिसोड में रीति ने अपने परिवार और करियर को लेकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि उनके पिता ने उन्हें नाम और पहचान तो दी, लेकिन करियर में सीधे मदद नहीं की। उनके मुताबिक, मनोज तिवारी ने उनसे कहा था कि अगर उनमें काबिलियत है तो उन्हें अपनी पहचान खुद बनानी होगी।
रीति ने यह भी बताया कि उन्हें हर महीने करीब 20 से 25 हजार रुपये का अलाउंस मिलता था। उन्होंने कहा कि कई बार खर्च बचाने के लिए उन्हें बेहद कम पैसों में गुजारा करना पड़ता था।
रीति फिलहाल शो में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रही हैं और उनके गेम को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं।