देश के अलग-अलग हिस्सों में बसों में आग लगने की तीन घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। सबसे दर्दनाक हादसा उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुआ, जहां पर्यटकों से भरी एक निजी डबल डेकर बस में भीषण आग लग गई। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने शोक जताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये की सहायता और घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की है। आग लगने के कारणों की जांच पुलिस और फॉरेंसिक टीम कर रही है। शुरुआती जानकारी में बस की छत पर रखे भारी सामान को संभावित कारणों में शामिल किया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद होगी।
इसी बीच मुंबई-पुणे हाईवे पर उदयपुर से पुणे जा रही एक यात्री बस में भी आग लग गई। शुरुआती तौर पर AC में तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई है। सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए।
वहीं, हैदराबाद में श्रीशैलम जा रही बस में आग लगने के दौरान 38 यात्रियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया। आशंका है कि यहां आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।