‘बिग बॉस 13’ फेम असीम रियाज और हिमांशी खुराना के रिश्ते को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। हिमांशी की ओर से लगाए गए पुराने आरोपों और हालिया सोशल मीडिया पोस्ट के बीच अब असीम ने एक्ट्रेस व सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भाव्या सिंह के खिलाफ कानूनी कदम उठाया है।
दरअसल, भाव्या सिंह ने एक पॉडकास्ट में असीम और हिमांशी के रिश्ते को लेकर कुछ गंभीर दावे किए थे। उन्होंने कथित तौर पर किसी से सुनी बात का हवाला देते हुए असीम पर हिमांशी के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया था। इसके अलावा, असीम की आर्थिक स्थिति को लेकर भी कुछ दावे किए गए थे।
अब असीम रियाज की कानूनी टीम ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताते हुए भाव्या सिंह को सीज एंड डिसिस्ट लीगल नोटिस भेजा है। कुछ मीडिया संस्थानों को भी नोटिस भेजकर कथित विवादित कंटेंट हटाने की मांग की गई है।
नोटिस में भाव्या को ऐसे बयान देने या दोहराने से रोकने के लिए 72 घंटे का समय दिया गया है। असीम के वकील के मुताबिक, तय समय में नोटिस का पालन नहीं होने पर कोर्ट और संबंधित अधिकारियों के सामने आगे कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
फिलहाल इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मामला कानूनी प्रक्रिया के स्तर पर है।