अक्षय कुमार और सैफ अली खान स्टारर फिल्म ‘हैवान’ को बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली। फिल्म के कमजोर प्रदर्शन के बाद अब निर्देशक प्रियदर्शन ने इसकी असफलता को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने माना कि दर्शक उन्हें और अक्षय कुमार को मुख्य रूप से कॉमेडी फिल्मों में देखना पसंद करते हैं।
प्रियदर्शन ने Deccan Chronicle को दिए इंटरव्यू में कहा कि वह ‘हैवान’ की असफलता को स्वीकार करते हैं। उनके मुताबिक, अक्षय के साथ गंभीर और गैर-कॉमेडी विषय पर यह पहली फिल्म नहीं है, जो उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। इससे पहले दोनों ने ‘खट्टा मीठा’ में भी साथ काम किया था, लेकिन वह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर सकी थी।
बॉक्स ऑफिस पर कैसा रहा प्रदर्शन?
रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘हैवान’ ने भारत में करीब 9.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। विदेशों में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन करीब 3.35 करोड़ रुपये बताया गया, जबकि इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन लगभग 15.05 करोड़ रुपये रहा। फिल्म का बजट करीब 130 करोड़ रुपये था।
कॉमेडी में हिट रही जोड़ी
प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की जोड़ी ने ‘हेरा फेरी’, ‘गरम मसाला’, ‘भागम भाग’, ‘भूल भुलैया’ और ‘दे दना दन’ जैसी फिल्मों से दर्शकों का मनोरंजन किया है। दोनों की हालिया फिल्म ‘भूत बंगला’ में भी कॉमेडी का अंदाज देखने को मिला, जिसे दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली।