Hustle Season 5 Fire: मुंबई की फिल्मसिटी में सोमवार, 5 अक्टूबर को शूटिंग के दौरान अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के वक्त पास में ‘Hustle Season 5’ के ग्रैंड फिनाले की शूटिंग चल रही थी। आग की जानकारी मिलते ही रैपर बादशाह, समर्थ जुरेल और शो से जुड़े कलाकारों समेत सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात है कि इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है।
धुआं और जलने की बदबू से मची अफरा-तफरी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाम करीब 4 बजे मुंबई के फिल्मसिटी में आग लगी। आग ‘Pati Patni Aur Panga’ के सेट के बाहर लगी थी, जबकि पास ही ‘Hustle Season 5’ के फिनाले की शूटिंग हो रही थी। धुआं और जलने की तेज बदबू महसूस होते ही बादशाह, समर्थ जुरेल और अन्य कलाकारों को तुरंत वहां से बाहर ले जाया गया।
आग पर जल्द पाया गया काबू
बताया गया कि आग ज्यादा दूर तक नहीं फैली, लेकिन दोनों सेट्स के बाहर लगे टेंट इसकी चपेट में आ गए और जल गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। स्थिति सामान्य होने के बाद ‘Hustle Season 5’ की टीम ने दोबारा शूटिंग शुरू कर दी। शो की टीम ने भी पुष्टि की कि सभी कलाकार सुरक्षित हैं और कोई कैजुअल्टी नहीं हुई।