भारत में इंजीनियरिंग छात्रों के लिए इंटर्नशिप अब सिर्फ अनुभव हासिल करने का जरिया नहीं रह गई है। कुछ हाई-फ्रीक्वेंसी ट्रेडिंग यानी HFT कंपनियां चुनिंदा छात्रों को इंटर्नशिप के दौरान ही लाखों रुपये का स्टाइपेंड दे रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ कंपनियों में यह रकम 30 लाख रुपये प्रति महीने तक पहुंच रही है।
गुरुग्राम की HFT कंपनी Quadeye अपने कुछ इंटर्न्स को करीब 30 लाख रुपये महीना देने की बात सामने आई है। वहीं IMC Trading और Optiver जैसी ग्लोबल कंपनियां इंटर्नशिप के लिए करीब 50 से 60 लाख रुपये तक के पैकेज ऑफर कर रही हैं। Gravitation Research Capital की दो महीने की इंटर्नशिप में भी करीब 50 लाख रुपये तक मिलने की जानकारी सामने आई है।
हालांकि, ये मौके हर इंजीनियरिंग छात्र के लिए नहीं हैं। कंपनियां खास तौर पर उन छात्रों को प्राथमिकता देती हैं जिनकी प्रोग्रामिंग और कोडिंग पर मजबूत पकड़ हो। इसके अलावा एडवांस मैथ्स, कंप्यूटर साइंस और डेटा साइंस की अच्छी समझ भी जरूरी मानी जाती है।
IIT और दूसरे प्रतिष्ठित संस्थानों के छात्रों को ऐसे अवसर मिल सकते हैं, लेकिन सिर्फ कॉलेज का नाम ही काफी नहीं है। मुश्किल समस्याओं को तेजी से हल करने और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन करने की क्षमता इन कंपनियों में चयन की सबसे बड़ी कुंजी है।