CWG 2026 Day 9: नीरज चोपड़ा समेत कई भारतीय स्टार आज मैदान में
ग्लासगो में जारी कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का नौवां दिन भारत के लिए बेहद अहम रहने वाला है। शुक्रवार, 31 जुलाई को भारतीय खिलाड़ियों के कई बड़े मुकाबले हैं और सबसे ज्यादा नजरें स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा पर रहेंगी। नीरज पुरुष जैवलिन थ्रो के फाइनल में उतरेंगे और भारत को प्रतियोगिता का चौथा गोल्ड दिलाने की कोशिश करेंगे।
एथलेटिक्स में तेजस्विन शंकर डेकाथलॉन की अलग-अलग स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। वहीं ट्रैक साइक्लिंग, जूडो और बॉल्स में भी भारतीय खिलाड़ी अपनी चुनौती पेश करेंगे।
बॉक्सिंग में भारत के लिए दिन खास है। 10 भारतीय मुक्केबाज सेमीफाइनल में उतरेंगे। इनमें प्रीति पवार, अंकुश पंघाल, जैसमीन लांबोरिया, अरुंधति चौधरी, जादुमणि सिंह, साक्षी चौधरी, प्रिया घंघास, लवलीना बोरगोहेन, सचिन सिवाच और नरेंद्र बेरवाल जैसे नाम शामिल हैं। सेमीफाइनल में जीतने वाले खिलाड़ी फाइनल में पहुंचेंगे, जबकि हारने वाले दोनों मुक्केबाजों को ब्रॉन्ज मेडल मिलेगा।
भारत अब तक 17 पदक जीत चुका है, जिसमें 3 गोल्ड, 10 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज शामिल हैं। ऐसे में आज का दिन भारत की पदक तालिका को और मजबूत करने का बड़ा मौका है।