कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने वोटर रजिस्ट्रेशन से जुड़े Form 6 को लेकर चुनाव आयोग से कई सवाल पूछे हैं। 1 अक्टूबर को सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने पूछा कि ऑनलाइन Form 6 में अतिरिक्त जानकारी जोड़ने का आदेश आयोग में किस अधिकारी ने दिया था और इसे लागू करने के लिए TCS में किस अधिकारी ने मंजूरी दी।
Form 6 का इस्तेमाल नए मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट में शामिल कराने के लिए किया जाता है। विवाद तब शुरू हुआ जब इसके ऑनलाइन संस्करण में SIR से जुड़ा एक अतिरिक्त घोषणा-पत्र जोड़ा गया। रिपोर्टों के मुताबिक, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने इस अतिरिक्त घोषणा को लेकर आयोग के भीतर आपत्ति दर्ज की थी।
दूसरी ओर, चुनाव आयोग का कहना है कि मूल वैधानिक Form 6 में कोई बदलाव नहीं किया गया था। आयोग के मुताबिक, SIR की प्रक्रिया के दौरान एक अतिरिक्त घोषणा-पत्र मांगा गया था। अब जहां SIR प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, वहां ऑनलाइन Form 6 से यह अतिरिक्त घोषणा हटा दी गई है, जबकि SIR वाले क्षेत्रों में यह आवश्यकता लागू रह सकती है।
इस पूरे मामले को लेकर राहुल गांधी ने आदेश और मंजूरी की प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।