KBC 18: अमिताभ बच्चन आज हिंदी सिनेमा के सबसे बड़े नामों में शुमार हैं, लेकिन करियर के शुरुआती दौर में उनकी लंबी हाइट और छोटे चेहरे को लेकर मेकर्स की अलग राय थी। 'कौन बनेगा करोड़पति 18' में बिग बी ने अपने स्ट्रगल के दिनों का एक दिलचस्प किस्सा सुनाया और बताया कि उनकी हाइट की वजह से उन्हें काम मिलने में परेशानी होती थी।
'कोई हीरोइन काम नहीं करेगी'
'KBC 18' के एक एपिसोड में कंटेस्टेंट विनम्र ने अमिताभ बच्चन के पुराने हेयरस्टाइल और लंबे साइडबर्न्स का जिक्र किया। इसके बाद बिग बी ने अपने शुरुआती दिनों की यादें साझा कीं।
अमिताभ बच्चन ने बताया कि जब उन्होंने फिल्मों में कदम रखा, तब प्रोड्यूसर्स उनकी दो चीजों को लेकर चिंतित रहते थे। उनके मुताबिक, मेकर्स कहते थे कि उनकी हाइट बहुत ज्यादा है, इसलिए कोई हीरोइन उनके साथ काम नहीं करेगी। साथ ही उनका चेहरा छोटा बताया जाता था।
चेहरे को 'भरने' के लिए बढ़ाए बाल
अमिताभ बच्चन ने बताया कि इसी वजह से उन्होंने अपने बाल बढ़ाने शुरू किए थे। उन्होंने कहा कि बालों को कनपटी तक बढ़ाया, ताकि चेहरा थोड़ा भरा हुआ नजर आए।
बिग बी के इस खुलासे से यह भी पता चलता है कि आज उनका आइकॉनिक लुक माने जाने वाला हेयरस्टाइल उस दौर में सिर्फ स्टाइल के लिए नहीं था, बल्कि करियर की शुरुआती मुश्किलों से निपटने का एक तरीका भी था।