एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाज नीरू ढांढा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की ट्रैप शूटिंग एकल स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीत लिया। इस जीत के साथ उन्होंने न सिर्फ भारत के पदकों में इजाफा किया, बल्कि एशियन गेम्स का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
फाइनल में नीरू को 30 शॉट मिले, जिनमें उन्होंने 28 निशाने सटीक लगाए। इस स्कोर के साथ उन्होंने नया एशियन गेम्स रिकॉर्ड बनाया। चीन की सुन युनगोंग ने 26 अंक के साथ सिल्वर, जबकि कुवैत की हजर अब्दुलमलिक ने 21 अंक के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।
नीरू की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि वह एशियन गेम्स के इतिहास में ट्रैप शूटिंग की एकल स्पर्धा में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बन गई हैं। इससे पहले किसी भारतीय महिला शूटर ने इस इवेंट में स्वर्ण पदक नहीं जीता था।
नीरू ने क्वालीफिकेशन राउंड में भी शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने कतर की निशानेबाज के साथ 118 के स्कोर पर संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल किया था।
भारत ने ट्रैप शूटिंग की एकल स्पर्धा में आखिरी बार 1978 में गोल्ड जीता था। तब पुरुषों की ट्रैप स्पर्धा में रणधीर सिंह ने स्वर्ण पदक हासिल किया था। करीब 48 साल बाद नीरू ने इस इवेंट में भारत को फिर गोल्ड दिलाया है।