नेपाल में बाढ़ की भयावह स्थिति के बीच बिहार में भी प्रशासन और रेलवे हाई अलर्ट पर है। नेपाल से आने वाले पानी के कारण सीमावर्ती इलाकों में जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर रेल मंडल ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने पूर्वी और पश्चिमी चंपारण के जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर स्थिति पर नजर रखने को कहा है। रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ट्रैकमैन तथा पुलों की निगरानी करने वाली टीमों को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।
रेलवे ट्रैक, पुल-पुलिया और आसपास के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों को बाढ़ नियंत्रण विभाग के साथ संपर्क में रहने और पानी के स्तर में होने वाले किसी भी बदलाव की सूचना तुरंत देने को कहा गया है।
रेल प्रशासन ने साफ किया है कि अगर किसी रेलखंड पर पानी बढ़ता है या ट्रैक और पुल की सुरक्षा प्रभावित होती है, तो उस रूट पर ट्रेनों का परिचालन तत्काल नियंत्रित या रोका जा सकता है।
यानी यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे किसी भी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं है। नेपाल में हालात बिगड़ने पर बिहार के सीमावर्ती रेल रूटों पर ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया जा सकता है।