अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के हालिया बयान को लेकर उन पर तीखा हमला बोला है। कंगना ने नसीरुद्दीन शाह पर पाकिस्तान को लेकर लगातार नरम रुख अपनाने का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि आखिर उनकी ‘पाकिस्तान प्रेम की कहानी’ कब खत्म होगी।
कंगना ने अपने उस पुराने बयान का भी बचाव किया, जिसमें उन्होंने नसीरुद्दीन शाह को ‘लोमड़ी’ कहा था। उनका कहना है कि उन्होंने यह टिप्पणी नसीरुद्दीन शाह के एक वीडियो में कथित तौर पर धमकी भरे अंदाज में दिए गए बयान के बाद की थी।
कंगना ने इस दौरान फिल्म इंडस्ट्री के रवैये पर भी सवाल उठाए। उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय कई लोग युवाओं के समर्थन में सामने आए थे, लेकिन झारखंड में आंदोलन कर रहे छात्रों के मुद्दे पर वही लोग आवाज क्यों नहीं उठा रहे हैं।
उन्होंने सवाल किया कि क्या युवा तभी ‘Gen Z’ कहलाते हैं, जब वे सरकार या प्रधानमंत्री के खिलाफ प्रदर्शन करते हैं? कंगना ने फिल्म इंडस्ट्री पर ‘पाखंड’ का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर वह युवाओं के अधिकारों की बात करती है, तो उसे हर जगह एक जैसा रवैया अपनाना चाहिए।
नसीरुद्दीन शाह और कंगना रनौत के बीच बयानबाजी के बाद यह विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है।