निठारी कांड के आरोपी रहे सुरेंद्र कोली की हरिद्वार में मौत हो गई। उसका शव उत्तरी हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र में सप्त सरोवर रोड स्थित लालमाता मंदिर के सामने एक चाय की दुकान में फांसी के फंदे पर लटका मिला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट से बरी होने के बाद सुरेंद्र कोली हरिद्वार में रह रहा था। पिछले कुछ दिनों से वह चाय की दुकान चला रहा था। इसी दुकान में रस्सी के सहारे उसका शव लटका मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद सप्तऋषि पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण क्षेत्र के ग्राम मंगरुखाल निवासी सुरेंद्र कोली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।
निठारी कांड में सुरेंद्र कोली पर गंभीर आरोप लगे थे, हालांकि बाद में अदालत से उसे बरी कर दिया गया था। अब हरिद्वार में उसकी मौत के बाद पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत की परिस्थितियों को लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों का इंतजार है।