NEET-UG परीक्षा की तैयारी कर रहे लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर है। मेडिकल प्रवेश परीक्षा के मौजूदा पैटर्न में आने वाले समय में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में बताया है कि NEET-UG को पेन-पेपर मोड से हटाकर कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट यानी CBT में कराने के विकल्प पर विचार किया जा रहा है।
सरकार के मुताबिक, देश की बड़ी परीक्षाओं में ऑनलाइन सिस्टम का इस्तेमाल पहले से किया जा रहा है। ऐसे में करीब 22 लाख छात्रों वाली NEET-UG परीक्षा को भी ऑनलाइन कराने की संभावनाओं पर गंभीरता से मंथन चल रहा है।
इतना ही नहीं, परीक्षा को JEE की तर्ज पर दो चरणों में कराने का विकल्प भी सामने आया है। इसमें मेन और एडवांस्ड जैसे दो स्तर हो सकते हैं। सरकार का मानना है कि इससे परीक्षा की सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ छात्रों की क्षमता का बेहतर आकलन किया जा सकता है।
हालांकि, केंद्र ने साफ किया है कि अभी किसी बदलाव पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है। NEET-UG के भविष्य के स्वरूप को लेकर नंदन नीलेकणी की अध्यक्षता में बनाई गई टास्क फोर्स की सिफारिशों को भी अहम माना जाएगा।
सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को यह भी भरोसा दिया है कि अगर परीक्षा पैटर्न बदला जाता है तो इसे अचानक लागू नहीं किया जाएगा। छात्रों को पर्याप्त समय पहले नए नियम और पैटर्न की जानकारी दी जाएगी।
पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए सरकार बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, GPS ट्रैकिंग और डिजिटल सुरक्षा जैसे उपायों पर भी जोर दे रही है। अंतिम फैसला सभी संबंधित पक्षों से चर्चा के बाद लिया जाएगा।