प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जन्मदिन के मौके पर नई दिल्ली के यशोभूमि में ‘Semicon India 2026’ का उद्घाटन किया। 17 से 19 सितंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय सम्मेलन और प्रदर्शनी की थीम ‘सिलिकॉन टू सिस्टम्स: बिल्डिंग द इकोसिस्टम’ रखी गई है। कार्यक्रम में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र से जुड़े भारत समेत 52 देशों के प्रतिनिधि और कंपनियां हिस्सा ले रही हैं।
इस आयोजन में ग्लोबल कंपनियों के साथ निवेशक, नीति-निर्माता, शोधकर्ता, स्टार्टअप, शिक्षाविद और छात्र भी शामिल हो रहे हैं। करीब 15,000 वर्ग मीटर में फैली प्रदर्शनी में 600 से ज्यादा प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें लगभग 300 अंतरराष्ट्रीय कंपनियां शामिल हैं। सेमीकंडक्टर उद्योग की तकनीक, निवेश और भविष्य की चुनौतियों पर चर्चा के लिए 150 से अधिक वक्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, नीदरलैंड, सिंगापुर और स्वीडन के पवेलियन भी बनाए गए हैं। इसके अलावा 12 राज्य सरकारों के पवेलियन और करीब 40 स्टार्टअप के लिए विशेष मंच तैयार किया गया है।
‘Semicon India 2026’ में स्टार्टअप पिच प्रतियोगिता, छात्र हैकाथॉन और इनोवेशन शोकेस भी आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य नए विचारों और तकनीकों को वैश्विक मंच देना है।
इस आयोजन का मकसद भारत में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के पूरे इकोसिस्टम को मजबूत करने और वैश्विक वैल्यू चेन में देश की भूमिका बढ़ाने पर फोकस करना है।