दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हुई हिंसक घटना के दौरान कैप्टन स्मित माछर ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने स्थिति संभाली और विमान को सुरक्षित लैंड कराया। इस घटना के बाद स्मित माछर की बहादुरी की देशभर में चर्चा हो रही है।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी कैप्टन स्मित माछर की तारीफ करते हुए उन्हें गुजरात और देश का गौरव बताया। एक्स पर पोस्ट करते हुए सीएम ने कहा कि आसमान में स्मित माछर ने अदम्य साहस और वीरता दिखाई। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने हमलावर का सामना किया और बड़ी त्रासदी को टालते हुए 174 यात्रियों की जान बचाई।
'जल्द ठीक हों स्मित माछर, वीरता को सलाम'
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मित माछर एक गौरवान्वित भारतीय हैं और उनकी रगों में गुजराती खून दौड़ता है। उन्होंने कहा कि गुजराती मूल के इस बहादुर बेटे ने वैश्विक मंच पर देश का मान बढ़ाया है।
भूपेंद्र पटेल ने कैप्टन स्मित माछर की असाधारण बहादुरी को सलाम करते हुए उनके जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना की। इस घटना के बाद स्मित माछर को उनकी हिम्मत और कर्तव्यनिष्ठा के लिए व्यापक सम्मान मिल रहा है।