बॉलीवुड एक्टर गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। सुनीता कई मौकों पर गोविंदा के कथित एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर्स को लेकर बयान दे चुकी हैं। अब गोविंदा ने इन आरोपों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है और पत्नी के बयानों को अलग अंदाज में जवाब दिया है।
एक बातचीत में गोविंदा ने कहा कि सुनीता उन्हें प्यार से डांटती हैं और वह उनकी बातें सह लेते हैं। उन्होंने पत्नी की तारीफ करते हुए कहा कि परिवार और बच्चों की परवरिश में सुनीता की अहम भूमिका रही है। गोविंदा के मुताबिक, परिवार की सफलता में हर सदस्य की अपनी भूमिका होती है और सुनीता ने बच्चों के लिए काफी कुछ किया है।
गोविंदा ने सुनीता के सार्वजनिक बयानों पर भी इशारों-इशारों में बात की। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसी व्यक्ति को सफलता पाने या सुर्खियों में आने के लिए अपने करीबियों के बारे में नकारात्मक बातें करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सुनीता पहले उनकी तारीफ करती हैं और फिर आलोचना, लेकिन उन्हें इसमें भी एक तरह का प्यार नजर आता है।
दरअसल, सुनीता ने हाल ही में एक रियलिटी शो में गोविंदा के कथित अफेयर्स का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि फिल्म इंडस्ट्री में हीरो-हीरोइन के बीच ऐसी बातें होती रहती हैं और उन्होंने लंबे समय तक गोविंदा का साथ दिया है।
गोविंदा और सुनीता आहूजा ने 1987 में शादी की थी। दोनों ने शुरुआती दौर में अपनी शादी को निजी रखा था। बाद में बेटी टीना और बेटे यशवर्धन के जन्म के साथ उनका परिवार सार्वजनिक रूप से चर्चा में आया।