SIR Controversy: चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर विपक्ष के लगातार हमलों के बीच बीजेपी ने पलटवार किया है। बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने राहुल गांधी और विपक्ष पर चुनाव आयोग को लेकर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “हमारी मदद ज्ञानेश नहीं, गणेश जी कर रहे हैं।”
राहुल गांधी को लॉन्च करने की कोशिश का आरोप
संबित पात्रा ने दावा किया कि विपक्षी दल एक योजनाबद्ध तरीके से राहुल गांधी को सत्ता में लाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति फरवरी 2025 में हुई थी, जबकि इससे पहले भी बीजेपी लोकसभा और कई विधानसभा चुनाव जीत चुकी है। इसलिए यह कहना गलत है कि बीजेपी ज्ञानेश कुमार की मदद से चुनाव जीतती है। पात्रा ने कहा कि बीजेपी को देश की जनता के समर्थन और भगवान गणेश का आशीर्वाद हासिल है।
Form 6 विवाद पर भी BJP ने रखा पक्ष
Form 6 को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने 5 अक्टूबर को स्पष्ट किया कि कोर्ट ने इसके किसी संशोधित संस्करण को मंजूरी नहीं दी है और रिकॉर्ड देखकर यह जांचना चाहता है कि बदलाव किसने किया।
वहीं संबित पात्रा ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने Form 6 को अवैध घोषित नहीं किया है। उन्होंने चुनाव आयोग के उस पक्ष का हवाला दिया कि फॉर्म में बदलाव के बजाय SIR के लिए एक अतिरिक्त घोषणा-पत्र जोड़ा गया था। इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट अब चुनाव आयोग से रिकॉर्ड और जवाब मांग रहा है।