दिल्ली में संभावित विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा कदम उठाया है। मंत्रालय ने राष्ट्रीय राजधानी में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की 273 कंपनियों की तैनाती को दूसरी बार बढ़ाकर 31 अक्टूबर तक कर दिया है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, इस महीने की शुरुआत में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के मद्देनजर अतिरिक्त सुरक्षा बल दिल्ली बुलाए गए थे।
दिल्ली पुलिस की मांग पर बढ़ाई गई तैनाती
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, गृह मंत्रालय ने 22 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस और संबंधित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को तैनाती के लिए आपसी समन्वय करने का निर्देश दिया था। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए CAPF की तैनाती 20 अक्टूबर के बाद भी जारी रखने की मांग की थी। इसके लिए गृह मंत्रालय को पत्र भेजा गया था।
गौरतलब है कि 10 अक्टूबर को CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में बड़े पैमाने पर सुरक्षा बल तैनात किए गए थे। दिल्ली पुलिस की ओर से 6 अक्टूबर को 221 और 8 अक्टूबर को 80 कंपनियों की मांग की गई थी। इसके बाद कुल 301 कंपनियों की तैनाती को मंजूरी मिली थी। अब 273 कंपनियों की तैनाती 31 अक्टूबर तक बढ़ाए जाने की जानकारी सामने आई है।
जंतर-मंतर और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अलर्ट
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस को आशंका है कि प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर, चुनाव आयोग, संसद भवन और इंडिया गेट जैसे प्रमुख स्थानों पर विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। इसके अलावा मंत्रियों के कार्यालयों और आवासों के बाहर भी प्रदर्शन की संभावना जताई गई है।
इन्हीं आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त बलों की तैनाती जारी रखने का फैसला किया गया है। फिलहाल पुलिस संभावित प्रदर्शनों को लेकर सतर्क है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दे रही है।