मध्य प्रदेश के उज्जैन में शाही मस्जिद को लेकर विवाद सोमवार को फिर गरमा गया। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण के लिए मस्जिद के एक हिस्से को हटाने की कार्रवाई प्रस्तावित है। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। स्थिति को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
विवाद कोयला फाटक-गोपाल मंदिर मार्ग के चौड़ीकरण से जुड़ा है। प्रशासन की योजना के तहत सड़क को 15 मीटर तक चौड़ा किया जाना है और शाही मस्जिद का कुछ हिस्सा इसकी जद में आ रहा है। स्थानीय लोगों और मस्जिद प्रबंधन की ओर से इस कार्रवाई का विरोध किया गया है।
मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट पहले ही नगर निगम की कार्रवाई के खिलाफ दायर याचिकाओं को खारिज कर चुका है। अदालत ने सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई को कानून के अनुरूप माना और कहा कि इसका उद्देश्य सिंहस्थ के दौरान यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु करना है।
मौके पर भारी पुलिस बल
रविवार रात से ही मस्जिद के आसपास लोगों की भीड़ जुटी हुई थी। सोमवार को कार्रवाई की आशंका के बीच पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी। कुछ जगहों पर विरोध के दौरान पथराव और हंगामे की भी खबर सामने आई है। प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने और प्रस्तावित कार्रवाई में सहयोग करने की अपील की जा रही है।
उज्जैन में सिंहस्थ 2028 को देखते हुए सड़क और यातायात व्यवस्था के लिए बड़े स्तर पर चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसी अभियान में धार्मिक और निजी संपत्तियों के कुछ हिस्से भी प्रभावित हो रहे हैं।