उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार, 12 अक्टूबर को बड़ी राहत का ऐलान करेंगे। गोरखपुर में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी प्रदेश के 9 लाख से अधिक किसानों को 493 करोड़ रुपये की कृषि निवेश अनुदान राशि वितरित करेंगे। यह सहायता बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को दी जाएगी।
DBT के जरिए सीधे बैंक खातों में पहुंचेगी रकम
हाल के दिनों में प्राकृतिक आपदाओं और बेमौसम बारिश के कारण प्रदेश के कई इलाकों में किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। ऐसे किसानों को आर्थिक संबल देने और खेती से जुड़े खर्चों में मदद करने के लिए सरकार प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से सहायता राशि भेजेगी।
यह राज्यस्तरीय कार्यक्रम गोरखपुर स्थित योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित होगा। कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही समेत कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। सांसद रवि किशन और स्थानीय विधायक भी इस दौरान मौजूद रहेंगे।
शिक्षक MLC चुनाव से जुड़े कार्यक्रम में भी शामिल होंगे CM
किसानों को सहायता राशि के अंतरण के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन खंड के एमएलसी चुनाव से जुड़े कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। रामगढ़ताल क्षेत्र स्थित महंत दिग्विजयनाथ पार्क में शिक्षक मतदाता संवाद रैली आयोजित की जाएगी।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बीजेपी प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के समर्थन में शिक्षकों को संबोधित करेंगे। इस तरह गोरखपुर में मुख्यमंत्री का दौरा किसानों को आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ आगामी शिक्षक एमएलसी चुनाव से भी जुड़ा रहेगा।