Vaibhav Sooryavanshi: भारतीय क्रिकेट के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपने छह बड़े क्रिकेटिंग लक्ष्यों की रैंकिंग बताई है। स्टार स्पोर्ट्स के साथ बातचीत में उनसे बिना ज्यादा सोचने का मौका दिए इन लक्ष्यों को रैंक करने के लिए कहा गया। वैभव ने एक ओवर में 6 छक्के लगाने को अपनी लिस्ट में सबसे ऊपर रखा।
ये हैं वैभव के 6 बड़े लक्ष्य
वैभव की ब्लाइंड रैंकिंग में एक ओवर में छह छक्के पहले नंबर पर रहे। इसके बाद उन्होंने सबसे तेज T20I शतक लगाने को दूसरे पायदान पर रखा। तीसरे नंबर पर उन्होंने क्रिकेट इतिहास का सबसे लंबा छक्का लगाने की इच्छा को जगह दी।
चौथे नंबर पर वैभव ने भारत के लिए T20I में सबसे ज्यादा शतक लगाने का लक्ष्य चुना। वहीं मैच की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाना उनकी लिस्ट में पांचवें स्थान पर रहा। छठे और आखिरी नंबर पर उन्होंने क्रिकेट इतिहास में याद रखा जाने वाला कैच लेने को रखा।
कम उम्र में बना चुके हैं कई रिकॉर्ड
15 साल के वैभव ने जुलाई 2026 में भारत के लिए T20I डेब्यू किया था। वह जल्द ही अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से चर्चा में आ गए। जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने पहले T20I में उन्होंने महज 18 गेंदों में अर्धशतक जड़कर पुरुष T20I में सबसे कम उम्र में फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड बनाया।
इससे पहले वह अंडर-19 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों पर 175 रन की तूफानी पारी भी खेल चुके हैं।