वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने और कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनने के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी के मेयर और जिलाधिकारी से फोन पर बात की। पीएम मोदी ने अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और लोगों को राहत पहुंचाने के लिए किए जा रहे इंतजामों की जानकारी ली।
प्रधानमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ के कारण आम लोगों को कम से कम परेशानी हो और राहत-बचाव कार्यों में किसी तरह की कमी न रहे। अधिकारियों ने उन्हें मौजूदा हालात और प्रशासन की ओर से उठाए जा रहे कदमों के बारे में जानकारी दी।
चेतावनी स्तर से ऊपर पहुंचा गंगा का पानी
केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक, गुरुवार सुबह वाराणसी में गंगा का जलस्तर 70.54 मीटर दर्ज किया गया। यह चेतावनी स्तर 70.262 मीटर से ऊपर है। राजघाट गेज स्थल पर सुबह 6 बजे पानी करीब 2 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा था।
राजघाट पर गंगा का खतरे का निशान 71.262 मीटर है, जबकि अब तक का उच्चतम बाढ़ स्तर 73.901 मीटर दर्ज किया गया है। जलस्तर बढ़ने के चलते वाराणसी के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात हैं। जिला प्रशासन गंगा और वरुणा नदी के किनारे बसे प्रभावित इलाकों पर लगातार नजर बनाए हुए है।