साउथ सिनेमा के मशहूर अभिनेता विजय सेतुपति की मच अवेटेड तमिल फिल्म ‘ट्रेन’ की रिलीज डेट सामने आ गई है। करीब तीन साल से फिल्म का इंतजार कर रहे फैंस के लिए यह बड़ी खबर है। निर्देशक मिस्किन की इस थ्रिलर फिल्म को 4 दिसंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।
4 दिसंबर को रिलीज होगी ‘ट्रेन’
फिल्म के निर्माता कलाईपुली एस. थानू ने सोशल मीडिया के जरिए रिलीज डेट की घोषणा की। उनके प्रोडक्शन हाउस वी क्रिएशन्स के बैनर तले बनी इस फिल्म से जुड़े म्यूजिक, टीजर और एक्शन सीन के बिहाइंड-द-सीन्स फुटेज पहले ही जारी किए जा चुके हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म को सेंसर बोर्ड से U/A सर्टिफिकेट भी मिल चुका है। अब रिलीज डेट सामने आने के बाद दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।
क्या है फिल्म की कहानी?
‘ट्रेन’ की कहानी एक ऐसे शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जो जिंदगी से निराश है। वह अपनी पत्नी की कब्र पर पौधा लगाने के इरादे से ट्रेन में सफर शुरू करता है। लेकिन यात्रा के दौरान होने वाली घटनाएं उसके नजरिए को बदलने लगती हैं और उसे जिंदगी की अहमियत का एहसास कराती हैं।
फिल्म की भावनात्मक कहानी के साथ थ्रिलर का मेल इसे खास बनाता है। निर्देशक मिस्किन ने एक कार्यक्रम के दौरान फिल्म के प्लॉट से जुड़ी जानकारी साझा की थी।
विजय सेतुपति के साथ नजर आएंगे ये सितारे
फिल्म में विजय सेतुपति के अलावा श्रुति हासन, नासर, युगी सेतु, नारायण और के. एस. रविकुमार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। मिस्किन ने फिल्म का निर्देशन करने के साथ इसका संगीत भी तैयार किया है।
अब देखना होगा कि 4 दिसंबर को रिलीज होने वाली ‘ट्रेन’ दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है और बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करती है।