अगर आप छोटी-छोटी जरूरतों के लिए क्विक कॉमर्स और ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप्स का इस्तेमाल करते हैं, तो ये खबर आपके बजट से जुड़ी है। Zepto ने फ्री डिलीवरी के लिए मिनिमम ऑर्डर वैल्यू बढ़ा दी है। अब ग्राहकों को बिना डिलीवरी चार्ज के सामान मंगाने के लिए कम से कम 199 रुपये का ऑर्डर करना होगा। पहले यह सीमा 149 रुपये थी।
यानी अगर आपका कार्ट 199 रुपये से कम है, तो फ्री डिलीवरी का फायदा नहीं मिलेगा। वहीं, ज्यादा डिमांड वाले पीक आवर्स में यह मिनिमम ऑर्डर वैल्यू 299 रुपये तक पहुंच सकती है।
कंपनी का कहना है कि कम कीमत वाले ऑर्डर में पैकेजिंग और डिलीवरी का खर्च निकालना मुश्किल होता है। ऐसे में अब कंपनी का फोकस सिर्फ ऑर्डर बढ़ाने के बजाय हर ऑर्डर की औसत वैल्यू बढ़ाने पर है।
वहीं, Zomato पर भी खाना ऑर्डर करना महंगा पड़ सकता है। कंपनी के मुताबिक, अगर प्लास्टिक की जगह सस्टेनेबल और बायोडिग्रेडेबल पैकेजिंग का इस्तेमाल किया जाता है, तो ग्राहकों की लागत 10 से 30 फीसदी तक बढ़ सकती है।
यानी आने वाले समय में ऑनलाइन सुविधा के साथ-साथ उसकी कीमत भी बढ़ती नजर आ रही है। छोटे ऑर्डर करने वालों पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ सकता है।