तेलुगु फिल्म 'आदर्श कुटुंबम-हाउस नंबर 47' यानी 'AK 47' बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। 30 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई वेंकटेश दग्गुबाती और श्रीनिधि शेट्टी की इस एक्शन-कॉमेडी ड्रामा फिल्म ने महज चार दिनों में दुनियाभर में 55 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। हालांकि, ओपनिंग वीकेंड के बाद सोमवार को फिल्म के कलेक्शन में बड़ी गिरावट दर्ज की गई।
चौथे दिन कितना रहा फिल्म का कलेक्शन?
सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने सोमवार (2 नवंबर) को भारत में करीब 2,981 शो से 3.40 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। वहीं, विदेशों में चौथे दिन फिल्म की कमाई करीब 75 लाख रुपये रही।
इसके साथ ही फिल्म का कुल ओवरसीज कलेक्शन 14.85 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 55.65 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
सोमवार को कमाई में आई करीब 70 फीसदी गिरावट
फिल्म ने रिलीज के पहले दिन भारत में 9.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। दूसरे दिन शनिवार को इसकी कमाई बढ़कर 10.40 करोड़ रुपये हो गई। रविवार को फिल्म ने 11.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
लेकिन सोमवार को वीकडे शुरू होते ही कमाई में गिरावट देखने को मिली। रविवार के मुकाबले सोमवार का इंडिया नेट कलेक्शन करीब 69.8 फीसदी कम रहा।
चार दिनों में फिल्म का कुल घरेलू नेट कलेक्शन 34.80 करोड़ रुपये और इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 40.80 करोड़ रुपये हो गया है।
क्या है 'आदर्श कुटुंबम' की कहानी?
'आदर्श कुटुंबम-हाउस नंबर 47' को त्रिविक्रम श्रीनिवास ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म की कहानी चित्तीबाबू, स्वर्णा और उनके परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। हाउस नंबर 47 में साथ रहने वाला यह परिवार तब मुश्किलों में घिर जाता है, जब पुराने राज और पारिवारिक तनाव सामने आने लगते हैं।
फिल्म में वेंकटेश दग्गुबाती और श्रीनिधि शेट्टी के अलावा नारा रोहित, निवेथा पेथुराज, राज प्रज्वल और राव रमेश भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।