अमेरिका में हैलोवीन वीकेंड के दौरान गोलीबारी की कई घटनाओं ने लोगों में दहशत पैदा कर दी। देश के अलग-अलग शहरों के नाइटलाइफ इलाकों में हुई इन घटनाओं में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल बताए जा रहे हैं। सबसे गंभीर घटना टेक्सास के डलास शहर में सामने आई, जहां डीप एलम इलाके में हुई गोलीबारी में चार लोगों की जान चली गई और 15 अन्य घायल हो गए।
डीप एलम इलाका संगीत, रेस्तरां और नाइटलाइफ के लिए जाना जाता है। हैलोवीन वीकेंड के दौरान यहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसके अलावा अर्कांसस के फेयेटविले, अलबामा के बर्मिंघम और डेलावेयर के नेवार्क समेत कई शहरों से भी गोलीबारी की खबरें सामने आईं।
डलास में करीब सवा घंटे के भीतर तीन घटनाएं
डलास पुलिस चीफ डैनियल कोमोक्स ने PBS न्यूज को बताया कि शनिवार रात करीब सवा घंटे के दौरान गोलीबारी की तीन अलग-अलग घटनाएं हुईं। पुलिस अभी जांच कर रही है कि इन घटनाओं का आपस में कोई संबंध है या नहीं। फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस चीफ के मुताबिक, मामले में कुछ गिरफ्तारियां की गई हैं और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है। हालांकि, उन्होंने गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या और उन पर लगाए गए आरोपों की जानकारी नहीं दी। घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, गोलीबारी में किसी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई।
बर्मिंघम में फुटबॉल मैच के बाद गोलीबारी
अलबामा के बर्मिंघम में भी शनिवार रात गोलीबारी की घटना हुई। पुलिस के मुताबिक, वार्षिक मैजिक सिटी क्लासिक फुटबॉल मैच के बाद लीजन फील्ड स्टेडियम के बाहर फायरिंग हुई। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए।
बताया गया कि घटना के समय ज्यादातर दर्शक और उनके परिवार स्टेडियम से जा चुके थे। गोलीबारी स्टेडियम के पास ग्रेमोंट एवेन्यू के किनारे हुई, जहां कई विक्रेताओं ने अपनी दुकानें लगा रखी थीं।
अमेरिका के कई शहरों में एक ही वीकेंड के दौरान हुई इन घटनाओं के बाद पुलिस जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि गोलीबारी की वजह और घटनाओं के बीच संभावित संबंधों का पता लगाया जा रहा है।